यूपी बोर्ड: मई के पहले सप्ताह में अंकपत्र वितरण की तैयारी

यूपी बोर्ड: मई के पहले सप्ताह में अंकपत्र वितरण की तैयारी

यूपी बोर्ड के स्कूलों में अंकपत्र पहुंचाने की तैयारी अंतिम चरण में


प्रयागराज। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर के विद्यार्थियों का अंकपत्र मई के पहले सप्ताह में स्कूलों में पहुंचाने की तैयारी है। उसके बाद उसका वितरण शुरू हो जाएगा। बोर्ड की ओर से विद्यालयों में अंक पत्र पहुंचाने की तैयारी अंतिम चरण में है।



इस बार यूपी बोर्ड ने परिणाम जारी करने में पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान रचा था। परीक्षा समापन के करीब डेढ़ माह बाद परिणाम जारी कर दिया गया। जो सक्रियता परीक्षा, मूल्यांकन और परिणाम जारी करने में दिखाई गई थी, उसी तरह अंकपत्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने की तैयारी है।


परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 55,25,342 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा में हाईस्कूल 27.49,364 और इंटर के 24,52,830 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद हाईस्कूल के 24,62,026 और इंटर के 20,26,067 परीक्षार्थी सफल हुए हैं। बोर्ड में पंजीकृत सभी विद्यार्थियों के अंक पत्र जारी किए जाएंगे। अंकपत्रों की छपाई का काम अंतिम दौर में है।


बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि इस महीने के आखिर तक क्षेत्रीय कार्यालयों प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और बरेली में अंक पत्र पहुंचाने की योजना है। उसके बाद उसे डीआइओएस के माध्यम से स्कूलों में भेजा जाएगा। मई के पहले सप्ताह तक विद्यालयों में अंकपत्र पहुंचाने का प्रयास है। 




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ